- निगम कार्यकारिणी चुनाव में 12 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित, सात सदस्यों के साथ भाजपा का दबदबा

GORAKHPUR: नगर निगम की कार्यकारिणी के चुनाव में भाजपा ने अपना दबदबा कायम कर लिया। सभी 12 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए। जिनमें भाजपा के सात, सपा के चार व बसपा का एक सदस्य शामिल हैं। नगर निगम सदन में शनिवार की पहली बैठक शुरू हुई। इस दौरान मेयर सीताराम जायसवाल, नगर आयुक्त सहित सभी पार्षद और अधिकारी पहुंचे। सदस्यों के पहुंचने के बाद कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर 14 लोगों ने नामांकन पत्र लिए। जिसमें भाजपा की ओर से आठ, सपा से पांच और बसपा की ओर से एक प्रत्याशी ने पर्चा भरा। लेकिन समाजवादी पार्टी के इरशाद आलम व भाजपा के राजेश तिवारी ने अपना पर्चा वापस ले लिया। जिसके बाद बचे 12 सदस्य ही बचे, जिस कारण वोटिंग प्रक्रिया की जरूरत ही नहीं पड़ी। सभी 12 प्रत्याशी निर्विरोध कार्यकारिणी के सदस्य निर्वाचित कर लिए गए। मेयर सीताराम जायसवाल ने सभी 12 सदस्यों की घोषणा करते हुए उनका खुले मन से स्वागत किया। इस मौके पर नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश सिंह, मुख्य अभियंता सुरेश, अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा, सहायक नगर आयुक्त संजय शुक्ला, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी रबीश चंद आदि उपस्थित रहे।

कार्यकारिणी में निर्वाचित सदस्यों के नाम

भाजपा के सात सदस्यों में पार्षद ऋषि मोहन वर्मा, संजय श्रीवास्तव, राधेश्याम रावत, देवेंद्र कुमार गौड़ उर्फ पिंटू, जितेंद्र प्रताप सैनी, बृजेश सिंह उर्फ छोटू और चंद्रशेखर सिंह का नाम शामिल है। वहीं समाजवादी पार्टी के चार सदस्यों में संजय यादव, शहाब अंसारी, अशोक यादव और विश्वजीत त्रिपाठी का नाम शामिल है। बसपा की एकमात्र सदस्य रीता यादव भी कार्यकारिणी में अपना स्थान बनाने में कामयाब रहीं।

मेयर ने दी बधाई

मेयर सीताराम जायसवाल ने कार्यकारिणी के निर्वाचित सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शहर का विकास ही हम सबकी प्राथमिकता है। हम सभी लोग नगर के विकास के लिए मिल जुलकर काम करेंगे।

सीएम और पूर्व सीएम अखिलेश यादव के लगे नारे

कार्यकारिणी गठित होने के बाद भाजपा पार्षदों ने सीएम योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद के जोरदार नारे लगाए। तो वहीं, सपा पार्टी के पार्षद भी पूर्व सीएम अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाते रहे।

भाजपा से इन्होंने लिया था नामांकन पत्र

- पार्षद संजय श्रीवास्तव

- पार्षद ऋषि मोहन वर्मा

- पार्षद जितेंद्र सैनी

- पार्षद राधेश्याम रावत

- पार्षद देवेंद्र गौड़ उर्फ पिंटू

- पार्षद बृजेश सिंह उर्फ छोटू

- पार्षद चंद्रशेखर सिंह

- पार्षद राजेश तिवारी

सपा से इन्होंने लिया था नामांकन पत्र

- पार्षद संजय यादव

- पार्षद शहाब अंसारी

- पार्षद अशोक यादव

- पार्षद इरशाद

- पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी

बसपा का सिर्फ एक सीट पर था दावा

- पार्षद रीता यादव

बॉक्स

निर्दलीय व कांग्रेस पार्षदों पर थी सबकी नजर

नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव के लिए भाजपा, बसपा और सपा की नजर 28 निर्दलीय पार्षदों एवं कांग्रेस के दो पार्षदों पर टिकी रही। लिहाजा नगर निगम सदन की बैठक में निर्दलियों को रिझाने का प्रयास सभी दलों ने शुरू कर दिया। हालांकि निर्दलीय अपने पत्ते नहीं खोल रहे थे। हालांकि ये चर्चा जरूर रही कि चूंकि प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार है लिहाजा उनका झुकाव सत्ताधारी दल की ओर दिखाई दे रहा था।

ये रहा चुनाव का कार्यक्रम

सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 तक नामांकन

दोपहर 12:30 बजे से 1.30 बजे तक नामांकन पत्रों की वापसी

- दोपहर करीब 2 बजे 12 कार्यकारिणी प्रत्याशियों को निर्विरोध चुना गया

सीएम व केंद्रीय मंत्री भी थे वोटर

नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में 70 पार्षदों के अलावा पांच पदेन सदस्यों में सीएम योगी आदित्यानाथ, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ला, एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर विधायक डॉ। राधा मोहन दास अग्रवाल और ग्रामीण विधायक विपिन सिंह के शामिल होने की उम्मीद थी। लेकिन पहले ही चुनाव की रूप रेखा तैयार कर ली गई थी।

मनु जायसवाल ने किया चुनाव संचालन

नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव को लेकर पूर्व उपसभापति और पार्षद मनु जायसवाल को जिम्मेदारी दी गई थी। जिसे उन्होंने अच्छे तरीके से निभाया। संचालन समिति में रामभुआल कुशवाहा, सौरभ विश्वकर्मा, अजय राय, राजेश तिवारी और एहेतराम हुसैन भी जिम्मेदारी के साथ जुटे रहे।