परिवार व कार्यक्षेत्र विषय पर द्वितीय कार्यशाला का आयोजन

- दून विश्वविद्यालय में प्रबन्धन विभाग द्वारा कार्यशाला का किया गया आयोजन

- महानिरीक्षक कानून व्यवस्था डॉ। दीपम सेठ ने कार्यशाला का किया शुभारंभ

DEHRADUN: दून विश्वविद्यालय में प्रबन्धन विभाग द्वारा परिवार व कार्यक्षेत्र विषय पर द्वितीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। दून विवि की प्रबन्धन प्राध्यापिका डॉ। प्राची पाठक द्वारा आयोजित इस परिचर्चा में मुख्य अतिथि के तौर महानिरीक्षक कानून व्यवस्था डॉ। दीपम सेठ ने कार्यशाला का शुभारंभ किया।

दक्षता को रोज निखारने की जरूरत

दून विवि के प्रबन्धन विभाग द्वारा आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए आईआईटी के आचार्य प्रो। संतोष रांगनेकर ने कहा कि व्यक्ति की कार्यशैली को उसका व्यक्तित्व निर्धारित करता है और व्यक्तित्व के निर्धारण में दृष्टिकोण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हमें अपनी सोच हमेशा सकारात्मक रखनी चाहिये। हमें अपनी दक्षता को रोज निखारने की जरूरत है। महानिरीक्षक पुलिस देहरादून दीपम सेठ ने कहा कि जिम्मेदारी का मूल्यांकन पैसों से नहीं किया जाना चाहिये, हमें कार्यक्षेत्र पर अपने समर्पण का भाव रखने की जरूरत है।

कर्मचारियों को दें सम्मान

उन्होंने कहा कि ऐसी कोई समस्या मौजूद नहीं है जिनके समाधान का तरीका न हो, बस जरूरत है उन तरीकों के बारे में विचार करने का। इस अवसर पर प्रबन्धन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो। एचसी पुरोहित ने अपने संबोधन में कर्मचारियों को सम्मान देने की बात कही। उन्होंने कहा किसी भी तंत्र की उन्नति उसके कर्मचारियों पर निर्भर करती है। इसलिए हमें अपने कर्मचारियों का सम्मान करना चाहिये। दून विवि के सन्दर्भ में उन्होंने बताया कि यह प्रदेश की पहली विवि है जहां तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।