वातानुकूलित होगा कैसरबाग बस अड्डा

- आदर्श बस अड्डे के रूप में विकसित होगा यह बस अड्डा

- बस अड्डे में लगेंगी ऑटो टिकटिंग मशीन

- मुख्यालय से रखी जाएगी बस अड्डे पर नजर

LUCKNOW:कैसरबाग बस अड्डा अब प्रदेश भर के बस अड्डों के लिए नजीर बनेगा। इस पूरे बस अड्डे को वातानुकूलित किया जाएगा। साथ ही परिवहन निगम इसे आदर्श बस अड्डे के रूप में विकसित करेगा। सिर्फ इतना ही नहीं, यहां से बसों का संचालन भी बढ़ जाएगा। बस अड्डे के चप्पे-चप्पे पर निगाह रखने के लिए सीसीटीवी भी लगाया जाएगा। मगर सीसीटीवी के लिए बनने वाला कंट्रोल रूम बस अड्डे पर नहीं, बल्कि परिवहन निगम के मुख्यालय पर बनेगा। वहीं से इस बस अड्डे पर नजर रखी जाएगी।

बस अड्डे पर लगेगी लगेज एक्सरे मशीन

परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि बस अड्डे पर सबसे पहले यात्री सुविधाओं में इजाफा किया जाना है। इसके लिए सबसे पहले इस बस अड्डे को वातानुकूलित किया जाएगा। इसके लिए यात्रियों को कोई अलग से शुल्क नहीं देना होगा। बस अड्डे में एंट्री पर मेटल डिटेक्टर मशीनें लगाई जाएंगी, जिससे बस अड्डे पर घुसने वाले सभी यात्रियों की जांच हो सके। रेलवे स्टेशन की तर्ज पर यहां पर तीन से चार मशीनें लगाई जा सकती हैं। इसके अलावा बस अड्डे पर लगेज एक्सरे मशीन भी स्टैबलिश की जाएगी। लोगों को लगेज एक जगह से ही कलेक्ट करना होगा।

वाई-फाई की भी हाेगी सुविधा

निगम के अधिकारियों ने बताया कि बस अड्डे पर बड़े-बड़े डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को हर एक बस के बारे में जानकारी मिल सके। अभी लगे डिस्प्ले बोर्ड छोटे हैं और टीवी की तरह हैं। इन पर दिखाई जाने वाली जानकारी यात्रियों को पढ़ने में दिक्कत होती है। इसके अलावा अब तक किसी भी बस अड्डे पर इंटरनेट की सुविधा नहीं है। यहां पर एक वाई-फाई जोन बनाया जाएगा। नेट यूज करने वालों को इसके लिए पासवर्ड बस अड्डे पर तैनात कर्मचारी से मिलेगा। यह पासवर्ड हर दिन बदलता रहेगा।

लंबी दूरी की बस सेवाएं बढ़ेंगी

निगम के कर्मचारियों ने बताया कि अभी तक यहां पर सामान्य और एसी सभी को मिलाकर 180 बस सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। रात में यहां से एसी बसों का संचालन नहीं है। चारबाग से रवाना होने वाली एसी बसें यहां से होकर गुजरती हैं। ऐसे में यहां से वातानुकूलित और लंबी दूरी की बसों के संचालन में इजाफा किया जाएगा। परिवहन निगम कर्मचारियों ने बताया कि इस बस अड्डे की रोजाना मॉनीटरिंग होगी। सभी तरह की सुविधाओं को रोज देखा जाएगा। मुख्यालय पर इस बस अड्डे पर नजर रखने वाले व्यक्ति को रोजाना अपनी रिर्पोट आरएम को देनी होगी।

कोट:

बस अड्डे को आदर्श बस अड्डे के रूप में विकसित किया जाएगा। इस बस अड्डे के बनने के बाद अन्य बस स्टेशनों को इसी की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। ऐसे में इस बस अड्डे को पूर्णतया वातानुकूलित किया जाएगा।

- के। रविन्द्र नायक

एमडी, परिवहन निगम