जेटली ने कहा राजनीति प्रेरित है सम्मान लौटाना

पिछले कुछ दिनों में ऐसे लेखकों की कतार लगती जा रही है जो पुराने सम्मान वापस कर रही है। वित्ते मंत्री अरुण जेटली ने अपने लेख में उन्हें जवाब दिया है। जेटली ने कहा कि ऐसे कई लेखक हुए जिनका झुकाव वाम या नेहरू काल से रहा। उन्हें सम्मान भी मिला। इनमें से कई ने तब भी नरेंद्र मोदी की आलोचना की थी जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे। जब केंद्र में मोदी सरकार बनी तो इन लेखकों की बेचैनी बढ़ गई। उन्हें पता है कि वाम राज खत्म हो चुका है, कांग्रेस लगातार कमजोर होती जा रही है। इनकी वापसी का रास्ता बंद हो गया है। ऐसे में अब ‘दूसरे तरीके से राजनीति का रास्ता’ चुना गया है। एक संकट का माहौल बनाया जा रहा है। यह दिखाने की कोशिश हो रही है नई सरकार के काल में माहौल खराब हो रहा है। सरकार बनने के बाद से चर्च पर हमले, नन के साथ बलात्कार जैसे कई मामलों के तार वर्तमान सत्ता से जोडऩे की कोशिश हुई। लेकिन परत खुलने के साथ स्थिति स्पष्ट होती जा रही है। जांच से यह पता चला है कि बलात्कार में आरोपी व्यक्ति बांग्लादेशी मूल का है।

कांग्रेस पर साधा निशाना

जेटली ने कहा कि साहित्य सम्मान लौटा रहे लेखक यह भूल गए हैं कि एम.एम. कलबर्गी की हत्या कर्नाटक में हुई और वहां कांग्रेस की सरकार है। उसी तरह महाराष्ट्र में एन दाभोलकर की हत्या हुई और उस वक्त वहां भी कांग्रेस की सरकार थी। उत्तर प्रदेश में दादरी की घटना हुई है और वहां सपा की सरकार है। ये सभी मामले कानून व्यवस्था से जुड़े हैं और सत्ताधारी सरकार को इसके लिए सवालों के कठघरे में खड़ा करना चाहिए। लेकिन लेखकों की ओर से ऐसा माहौल बनाया जा रहा है जैसे केंद्र की सरकार इसके लिए दोषी है। उन्होंने पूछा कि क्या इन लेखकों ने अपने पूरे जीवनकाल में कभी इंदिरा गांधी के लगाए आपातकाल का विरोध किया था। विरोध कर रही एक लेखक ने तो 1984 के सिख दंगे के विरोध में पद्म सम्मान वापस किया है। तंज कसते हुए जेटली ने कहा कि इनका विवेक जगने में 30 साल से ज्यादा का वक्त लग गया। सच्चाई यह है कि देश में वैचारिक असहिष्णुता का वातावरण बनाया गया है।

inextlive from India News Desk

National News inextlive from India News Desk