सेंट कोलंबा कॉलेज, हजारीबाग के यशवंत को मिले सर्वाधिक 81.20 परसेंट मा‌र्क्स

पारा टीचर दिगंबर प्रसाद की 5 फरवरी को ही हुई सरकारी टीचर में नियुक्ति

RANCHI: जैक के इंटर आ‌र्ट्स में सेंट कोलंबा कॉलेज, हजारीबाग के यशवंत कुमार ने 81.20 प्रतिशत अंक लाकर स्टेट टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है इन्हें कुल 406 अंक मिले हैं। यशवंत के स्टेट टॉपर बनने पर उनका पूरा परिवार खुशियां मना रहा है। पिता दिगंबर प्रसाद गवर्नमेंट टीचर हैं। मां गोदावरी देवी आंगनबाड़ी सेविका हैं। वह बताती हैं कि मेरा एक बेटा और एक बेटी है। इस छोटे से परिवार में शुरू से ही पढ़ाई को प्रमुखता दी गई है।

परिवार के लिए लकी साल

यशवंत के पिता ने बताया कि यह साल उनके पूरे परिवार के लिए काफी लकी रहा है। दिगंबर प्रसाद शुरू से बगोदर में पारा टीचर थे, लेकिन इस साल 5 फरवरी को उनकी नियुक्ति गवर्नमेंट टीचर में हुई और यहीं से परिवार की स्थिति सुधरने लगी। इसी साल मैट्रिक की परीक्षा में यशवंत की बहन अनु कुमारी ने भी 83 प्रतिशत अंक के साथ बेहतर रैंक हासिल किया। वहीं अब यशवंत के स्टेट टॉपर बनते ही इनकी खुशी चौगुनी हो गई है।

यशवंत का लक्ष्य है आईएएस

यशवंत फिलहाल आगे की पढ़ाई हजारीबाग में रह कर ही करना चाहते हैं। वह सेंट कोलंबा कॉलेज से ही ग्रेजुएशन करना चाहते हैं। इसके पहले भी यशवंत का एकेडमिक परफारमेंस काफी अच्छा रहा है। उसने डॉ। भीमराव अम्बेदकर स्कूल से टेंथ बोर्ड 74.8 प्रतिशत अंक के साथ पास किया था। यशवंत के पिता अपने दोनों बच्चों को आइएएस बनाना चाहते हैं। इसके लिए उनके बच्चे अभी से ही मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पढ़ाई को लेकर वे बच्चे को हमेशा उत्साहित करते रहते हैं। उनका सपना है कि बच्चे आइएएस बन देश की सेवा करें।