- सेंट्रल जेल में चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण

- कैदियों को दिलाई सेंट्रल जेल में बंद हुए 1300 स्वतंत्रता सेनानियों की याद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सेंट्रल जेल में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण किया। सात फुट ऊंची गन मेटल की बनी इस प्रतिमा के अनावरण के बाद उन्होंने कैदियों में देशभक्ति का जज्बा भी फूंका। इस दौरान सेंट्रल जेल के कैदी सीएम को बड़े ध्यान से सुनते रहे। सुबह 9 बजे सेंट्रल जेल पहुंचे सीएम के साथ राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी और अनिल राजभर मौजूद थे। जेल में बंद एमएलसी बृजेश सिंह की पत्‍‌नी अन्नपूर्णा सिंह और भतीजे विधायक सुशील सिंह और सुजीत सिंह भी मौजूद थे। इनके समर्थकों को भी जेल कार्यालय की तरफ से पास जारी किए गए थे। सेंट्रल जेल में बनी आजाद की प्रतिमा के साथ 1300 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम भी लिखे गए हैं। योगी ने इन्हें ध्यान से देखा। मंच से कैदियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इसी जेल में अंग्रेजों ने आजाद को 15 कोड़े मारे थे। यह कोड़े अंग्रेजों पर इतने भारी पड़े कि उन्हें देश छोड़कर जाना पड़ा। योगी ने जेल में कैदियों के हाथों बनाए गए सामान भी देखे और उनकी खूब तारीफ की। सेंट्रल जेल वरिष्ठ अधीक्षक अम्बरीष गौड़ ने बताया कि आजाद की प्रतिमा तैयार करने में लगभग दो साल का समय लगा।