हाथी पार्क के बाहर युवकों ने महिलाओं के साथ की छेड़खानी

रोकने पर छात्र को युवकों ने पीटा, लूट ली मोबाइल व चेन

ALLAHABAD: हाथी पार्क घूमने के लिए परिवारवालों के साथ आई महिलाओं के लिए शोहदों ने शुक्रवार की देर शाम बड़ी प्राब्लम क्रिएट कर दी। सरेआम छेड़छाड़ से महिलाएं रो पड़ीं तो एक छात्र से यह देखा नहीं गया और वह बचाव में आ गया। छात्र को अकेला पाकर शोहदों का मनोबल और बढ़ गया और उन्होंने न सिर्फ छात्र को जमकर पीटा बल्कि उसके पास से मोबाइल और चेन लूट ली। इस घटना के बाद जब तक अन्य लोग यहां पहुंचते शोहदे भाग चुके थे। घटना की सूचना मिलने पर कर्नलगंज पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन उसके हाथ कुछ नहीं लगा।

पुलिस को बताई पूरी स्टोरी

छेड़छाड़ की शिकार हुई महिलाओं ने पुलिस को पूरा घटनाक्रम बयां किया। पुलिस ने छात्र को मेडिकल कराने के बाद उसे लिखित तहरीर ले ली है। रेनोवेशन के बाद तैयार हुआ हाथी पार्क इस दिनों शहरियों के लिए सेंटर ऑफ अट्रैक्शन है। पार्क के अंदर का माहौल बच्चों के साथ निकलने वाली महिलाओं के साथ युवतियों को भी अट्रैक्ट करता है। शुक्रवार को पार्क के सामने छेड़खानी को लेकर बखेड़ा खड़ा हो गया। पार्क के बाहर खड़े कुछ युवकों ने वहां से गुजर रही महिलाओं पर अश्लील कमेंट कर दिया। इस बीच जब युवकों ने पार्क से निकल रही एक महिला पर कमेंट किया तो उसने इसका विरोध किया। इस पर युवकों ने महिला के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। इसी बीच धूमनगंज निवासी दीपक और विक्की बाइक से कहीं जा रहे थे। किसी का फोन आया तो दोनों लोग कंपनी बाग के सामने रुक गए। उन्होंने महिलाओं के साथ हो रही छेड़छाड़ को देखा तो स्पॉट पर पहुंच गए। उन्होंने युवकों से ऐसा न करने के लिए कहा। इस पर आधा दर्जन से अधिक युवक विक्की पर टूट पड़े। उसके साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद उनके गले से चेन और मोबाइल लूट लिया।

राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना

घटना देख राहगीरों ने पुलिस को फोन कर दिया। इंस्पेक्टर का कहना है कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि विक्की और दीपक के साथ एक लड़की थी। चौराहे के करीब लड़की से कोई लड़का बात करने लगा तो इस पर दीपक रोक-टोक करने लगा। झगड़ा बढ़ते ही हिंदू हॉस्टल से लड़के निकल आए और फिर पिटाई कर दिया। हालांकि युवक लूटपाट की बात कह रहा है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।