- परिजनों को मोबाइल पर सेंड किया सुसाइड नोट

- युवक की तलाश में जुटे पुलिस व गोताखोर

आगरा। शुक्रवार को एक युवक ने जवाहर पुल से यमुना में छलांग लगा दी। लोगों का कहना था कि युवक नौकरी न मिलने के कारण काफी डिप्रेशन में था। गोताखोर युवक की तलाश में जुटे रहे, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा।

छूट गई थी नौकरी

करोंधना थाना इरादत नगर निवासी 35 वर्षीय राजकुमार श्रीवास्तव पुत्र स्व। रोशन लाल श्रीवास्तव पीटी लाइट में पीएसओ के पद पर कार्यरत थे। करीब पांच माह पूर्व एक दुर्घटना में उसकी नौकरी चली गई थी। तभी से वह डिप्रेशन में था।

रात को सुसाइड का मैसेज

राजकुमार की प्रधान से दोस्ती थी। रात को प्रधान के मोबाइल पर मैसेज आया, उसमें लिखा था कि 'सुसाइड नोट सफेद कूलर पर कपड़े के नीचे हरी डायरी में रखा है और कपड़े, मोबाइल रामबाग यमुना पुल के पास यमुना किनारे रखे हैं। उठा ले जाना मैं डूबकर आत्महत्या कर रहा हूं'। यह मैसेज मिलते ही प्रधान के होश उड़ गए थे। ऐसा ही एक मैसेज भाई के नंबर पर भी भेजा था। सभी ने उसकी तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लगा।

डिप्रेशन में रहता था

प्रधान ने बताया कि राजकुमार ने तीन सब्जेक्ट से एमए किया है। वह पहले हिंदुस्तान लीवर में काम करता था बाद में पीटी लाइट में काम किया। वेतन भी अच्छा खासा था लेकिन नौकरी छूट जाने के बाद वह परेशान रहने लगा था। उसने कई जगहों पर ट्राई भी किया लेकिन सफलता नहीं मिल पाई थी। वह शादी नहीं करना चाहता था।

संदिग्ध लग रही है घटना

पुलिस के अनुसार घटना संदिग्ध लग रही है। कपड़े यमुना किनारे बुर्ज पर रखे मिले। अभी जो भी सुसाइड हुई हैं, उसमें लोग कपड़े पहन कर ही छलांग लगाते हैं जबकि इस मामले में कपड़े जूते उतार कर छलांग लगाई गई है। पुलिस का कहना था कि यह घटना संदेहपूर्ण है लेकिन तलाश जारी है।