रुपयों के विवाद में दोनों पक्षों में चल रहा है विवाद

आगरा। थाना न्यू आगरा क्षेत्र में रुपयों के लेनदेन का विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष ने दूसरे पर घर में घुस कर छेड़छाड़ मारपीट के अलावा घर में आग लगाने का आरोप लगाया। इसी मामले को लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट में दोनों पक्ष भिड़ गए।

मारपीट के साथ लगाई आग

न्यू आगरा क्षेत्र में रहने वाली महिला ने वहीं पर रहने वाले युवक को 50 हजार रुपये उधार दिए थे। इसके बाद महिला ने तगादा किया, पंचायत हुई इसके बाद भी युवक मुकर गया। इसके बाद वह धमकी देने लगा। आरोप है कि रविवार की दोपहर युवक घर में घुस आया और महिला व उसकी दोनों बेटियों के साथ मारपीट कर दी। साथ ही घर में आग लगा दी किसी तरह पीडि़ता बच सकी। पुलिस का कहना है कि मामले में दो केस दर्ज किए थे।

गिरफ्तारी की मांग लेकर पहुंची

महिला सोमवार को आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची थी। वहां पर युवक भी था। महिला जैसे ही एसएसपी कार्यालय से बाहर निकली वैसे ही दोनों में मारपीट हो गई। आरोप है कि उस दौरान बेटी के घूंसा मार दिया। युवक को महिला ने चप्पल से धुन दिया। पुलिस और अधिवक्ताओं ने बीच में आकर दोनों को अलग किया।

दूसरे पक्ष ने भी लगाया आरोप

युवक का कहना था कि 6 महीने पहले विवाद हुआ था। महिला का पति प्रधानाचार्य है। आरोपी युवक के भाई पर 10 दिसंबर 2017 को फायर किया था। इस मामले में मुकदमा भी दर्ज है। सोमवार को विवाद होने पर पुलिस ने दो भाईयों पर शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की थी। वह भाई की जमानत के लिए यहां पर आया था।