- कई महीनों से कर्जदारों से परेशान था युवक

- सुबह मां ने लोहे के जाल पर लटका देखा शव

आगरा। थाना सदर के नैनाना जाट में कर्ज में डूबे युवक ने फांसी लगा कर जान दे दी। गुरुवार रात को उसके साथ मारपीट भी हुई। उसकी गाड़ी का भी पता नहीं। परिजन मामले में तहरीर देने की तैयारी कर रहे हैं।

छह महीने पहले हुई थी शादी

नैनाना जाट निवासी 27 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र गोपाल सिंह ने एडीए में अपनी कार लगा रखी है। उसकी शादी छह महीने पहले शमसाबाद, गांव गढ़ी खांडेरा निवासी कुशमा से हुई थी। बड़ा भाई ललित नोएडा में इलेक्ट्रॉनिक कंपनी में काम करता है। पत्नी पिछले एक सप्ताह से विवाह कार्यक्रम के चलते मायके में है। गुरुवार रात वह घर पहुंचा। शुक्रवार सुबह मां हेमलता ने शव लोहे के जाल से साड़ी के सहारे लटका देखा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चाचा अर्जुन सिंह ने बताया कि उसने लोगों से कर्जा ले रखा थ,ा लेकिन किन लोगों से कर्जा लिया था पता नहीं। उसने कभी किसी को कुछ नहीं बताया। उसकी गाड़ी भी दो महीने से उसके पास नहीं थी।

अन्य सामान भी गायब बताया

चाचा के मुताबिक उसके पास से एक्टिवा भी छीन लिया। उसका मोबाइल, सात तोला सोना, तीन लाख रुपये गायब हैं। कर्जदारों ने उसका सबकुछ ले लिया। गुरुवार रात को उसके साथ मारपीट हुई थी, लेकिन किसने मारपीट की इसकी जानकारी नहीं हो पाई है। चाचा का कहना था कि रात में 11 बजे तक उसकी कुछ अज्ञात नंबरों से बातचीत हुई है। चार से पांच नम्बर उसकी डायल लिस्ट में हैं.चाचा के मुताबिक मामले में पुलिस से शिकायत की जाएगी। जिन नंबरों से उसकी बात हुई है, उन नंबरों को तहरीर में शामिल किया जाएगा।