- राजधानी पटना में हर मां-बाप के लिए छेड़खानी बनी मुसीबत

- अपनी बेटियों की सिक्योरिटी के लिए पहुंच रहे पुलिस के पास

- थाना के पास भी छेड़ जाते है लड़कियों को, पुलिस का खौफ नहीं

PATNA: अब तो बेटी घर से पढ़ने के लिए निकले और सही सलामत घर लौट आए, इसकी चिंता गार्जियन करने लगे हैं। पिछले कुछ दिनों में कई छेड़खानी की वारदातें हुई, जिसमें घरवाले पुलिस के चक्कर लगाते देखे गये हैं। कभी थाने तो कभी एसएसपी के पास गुहार लगाते दिख रहे, मगर इसका असर मनचलों पर होता नहीं दिख रहा। थाने के करीब भी वो अपनी हरकतें करने से बाज नहीं आ रहे।

हर दिन पहुंच रहे घरवाले

अपनी बेटियों के साथ हो रही छेड़खानी अब घरवालों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। दानापुर की रितिका के पिता पुलिस के चक्कर लगाकर अब हिम्मत हार रहे। उनकी बेटी के साथ महीने से एक अधेड़ छेड़खानी कर रहा। जेल से छूटने के बाद भी वह अपनी हरकतें छोड़ नहीं रहा। गुरुवार को फिर वे सीनियर एसपी के पास पहुंचे थे। वहीं, एक और पिता उसी दिन अपनी बेटी के साथ बीच सड़क पर हुई छेड़खानी की शिकायत लेकर कोतवाली थाने पहुंचे। उन्हें बेटी की फोन पर सब काम छोड़कर आना पड़ा। जरा सोचिये उनके मन में कितना डर होगा बेटी की सुरक्षा को लेकर।

थाने के पास भी डर नहीं

मनचलों के दिल में पुलिस का डर नहीं। थाने के करीब भी वह लड़कियों को छेड़ने के बाज नहीं आ रहे। कुछ दिनों पहले ही एसके पुरी थाना के पास ही तीन लड़कों ने ऑटो में अपनी मां के साथ आ रही दो बेटियों को छेड़ दिया। इन लोगों को वे स्टेशन के पास से छेड़ते आ रहे थे। हद तो तब हो गई, जब थाने के करीब ही लड़की का दुपट्टा खींच लिया। आखिरकार इन लड़कियों को अपनी मां के साथ रात में ही थाने पहुंचना पड़ा। अगर ये थाने नहीं जाती, तो उन लड़कों को कोई फर्क नहीं पड़ता, पर मां की शिकायत पर पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी और तीनों लड़कों को गिरफ्तार करना पड़ा। वहीं, गांधी मैदान थाना के करीब ही कई बार लड़कियों पर फब्तियां कसते लड़के मिल जाएंगे।

बस से भेजकर भी सेफ नहीं

कई गार्जियंस का कहना है कि वे ऑटो और रिक्शा में छेड़खानी की डर से बेटियों के लिए स्कूल बस से भेजना प्रेफर करते हैं, मगर वहां भी अब मुश्किल है। पत्रकार नगर थाना एरिया में तो स्कूल बस से जा रही लड़कियों को कार पर सवार लड़कों ने इतना तंग किया, उन्हें अपने घरवालों को फोन करना पड़ा। कई गार्जियंस थाने गये और पुलिस को इसकी जानकारी दी।

स्कूल-कॉलेज एरिया में एक्टिव

छेड़खानी की कहानी रोज की बन गई है। हर दिन लोग इसकी शिकायत लेकर थाने पहुंच रहे। कई लोग तो सीनियर एसपी तक इसकी कंप्लेन दर्ज करवाने पहुंच रहे। जनता दरबार के दिन से लेकर हर दिन कोई न कोई आ रहा। कई मां अपनी बेटियों के इज्जत के लिए खुद पुलिस के पास आकर गुहार लगा रही। मोहल्ले वाले तो कभी स्कूल जाते वक्त छेड़ने वाले उनके इलाके में एक्टिव हैं।

छेड़खानी की वारदातें बढ़ी हैं। इसे रोकने के लिए एक नयी व्यवस्था पर विचार कर रहे और जल्द ही इसका असर दिखेगा। पुलिस की नजर में यह बड़ा अपराधी जो हर हाल में रोका जाएगा।

मनु महाराज, सीनियर एसपी