- भरी पब्लिक के बीच युवक ने लगाई यमुना पुल से छलांग

- चंद मिनटों में टूटी सांस, गोताखोरों ने नदी से निकाली लाश

ALLAHABAD: चंद मिनटों में जिंदगी कैसे फना हो जाती है यह बुधवार को यमुना पुल पर मौजूद दर्जनों लोगों ने देखा। अजीबोगरीब सवाल और अप्रत्याशित हरकतें कर रहे युवक की मंशा जब तक पब्लिक भांप पाती तब तक बहुत देर हो चुकी थी। यमुना पुल पर पहुंचे इस युवक ने पब्लिक से हाथ छुड़ाकर नदी में छलांग लगा दी थी। गोताखोर इसे जिंदा वापस नहीं निकाल सके।

कितनी गहरी है यमुना

रोज की तरह बुधवार को भी दर्जनों लोग नए यमुना पुल पर खड़े होकर हवाओं के साथ लहरों का नजारा ले रहे थे। आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी बीच दिन में करीब साढ़े ग्यारह बजे एक 25 वर्षीय युवक पैदल ही पुल पर पहुंचा और टहलने लगा। इस दौरान वह मौके पर मौजूद लोगों से पूछने लगा कि यमुना नदी कितनी गहरी है? यहां आस-पास पुलिस वाले तो नहीं हैं? अगर कोई पुल से नीचे कूदा तो क्या वह जिंदा बचेगा?

और लगा दी छलांग

उसकी बातों पर जब लोगों को शक हुआ कि कहीं ये पुल से छलांग लगाने की तो नहीं सोच रहा है। दो-तीन युवकों ने तुरंत उसके हाथ पकड़ लिए और पीछे ले जाने लगे। एक युवक ने उसकी कमर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन युवक ने सभी को जोर का धक्का दिया और हाथ झटक कर यमुना पुल से नीचे छलांग लगा दी। पुल पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। नीचे मौजूद नाव वालों व मछुआरों को इशारे में समझाया, लेकिन जब तक नाविक, मछुआरे और गोताखोर पहुंचते तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। सूचना कीडगंज थाना पुलिस को दी गई। करीब एक घंटा बाद पुलिस पहुंची। युवक का शव निकाला गया। पुलिस ने तलाशी ली तो उसकी जेब से केवल एक मोबाइल मिला, जो खराब हो चुका था। सिम कार्ड में मौजूद नंबर के माध्यम से युवक के बारे में डिटेल जानने में पुलिस जुट गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। देर शाम तक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।