- न्यूजीलैंड में चल रहे यूथ कॉमनवेल्थ गेम्स में किया करिश्मा

MeerutU : न्यूजीलैंड में चल रहे यूथ कॉमनवेल्थ गेम्स में मेरठ की अनामिका दास ने कांस्य पदक जीता है। अनामिका ने यह पदक मंगलवार को शॉर्ट पुट खेल में अपना बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीता है। इस इवेंट में 15.8 मीटर फेंकते हुए अनामिका प्रतियोगिता में तीसरा स्थान व पर्सनल बेस्ट दूरी तय की है। प्रतियोगिता 12 सितंबर तक चलेगी और अनामिका 14 सितंबर को भारत लौटेंगी।

स्टेडियम से ली है कोचिंग

कक्षा 11वीं तक केंद्रीय विद्यालय सिख लाइंस में पढ़ाई करने के बाद अनामिका इस वर्ष आगरा के सीजे कॉलेज से 12वीं की पढ़ाई कर रही है। अनामिका की मां लक्ष्मी दास ने बताया कि अनामिका पिछले दो वर्षो से कैलाश प्रकाश स्टेडियम में एथलीट कोच जयवीर सिंह से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थी। इंटरनेशनल इवेंट के लिए पिछले कुछ समय से वह दिल्ली में कोच योगेश यादव से प्रशिक्षण ले रही है।

जीत चुकी है कई पदक

अनामिका ने वर्ष 2012 में केवी सिख लाइंस कक्षा आठवीं में पढ़ाई के साथ ही खेल की शुरुआत की थी। स्कूल में पीटीआइ गौरव त्यागी ने अनामिका के शुरुआती खेल को संवारने में मदद की। उसी वर्ष अनामिका ने केवी की सभी प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीते थे। इस उपलब्धि के लिए उन्हें प्रदेश की बेस्ट एथलीट का खिताब मिला। वर्ष 2014 में भी स्टेट, नॉर्थ जोन व इंटर-डिस्ट्रिक्ट प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीते। तीन बार एसजीएफआइ में खेल चुकी है। खेलकूद में काफी रुचि रखने वाली अनामिका ओलंपिक में देश के लिए मेडल जीतना चाहती है। अनामिका के पिता बीरेश्वर दास सेना में अधिकारी पद पर कार्यरत हैं। अनामिका शॉर्ट पुट खेल में अंडर 16 आयु वर्ग में 14.92 मीटर के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड हासिल किया है।