RANCHI: नगड़ी थाना क्षेत्र के धुर्वा डैम में मंगलवार को इंजीनियरिंग स्टूडेंट अभिषेक पुष्प(19) डूब गया। शाम तक छात्र का शव बरामद नहीं हो सका। थानेदार अजय कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को भी एनडीआरएफ व स्थानीय गोताखोर युवक का शव ढूंढने का प्रयास करेंगे। उसके पिता राजेश पुष्प इलेक्ट्रो स्टील बोकारो में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। अभिषेक अपने घर का इकलौता पुत्र था।

ओरमांझी आरटीसी से कर रहा था इंजीनियरिंग

अभिषेक ओरमांझी के आरटीसी इंस्ट्रीयूट ऑफ टेक्नोलॉजी में मैकेनिकल इंजीनियरिंग का कोर्स कर रहा था। परिजनों के अनुसार अभिषेक सेकेंड सेमेस्टर का एग्जाम सितम्बर में दिया था। वह पढ़ने में बहुत तेज था। रांची में नामकुम स्थित अपने मामा ओमप्रकाश के घर में रहता था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नामकुम में अभिषेक का नया घर भी बन रहा है।

हॉस्टल के दोस्तों संग गया था घूमने

जानकारी के अनुसार, अभिषेक ओरमांझी स्थित हॉस्टल से अपने पांच दोस्तों राज, दिलेश्वर, नीतीश, शशि और दिलसाद के साथ धुर्वा डैम घूमने आया था। लगभग 2 बजे सभी दोस्त डैम पहुंचे। वहां अभिषेक ने दोस्तों से कहा कि वह नहाने जा रहा है। दोस्तों ने कहा कि तैरना जानते हो। इसपर अभिषेक ने कहा कि हां तैरना जानता हूं। इसके बाद अभिषेक डैम के फाटक के पास से नहाने के लिए छलांग लगाया। नहाने के क्रम में वह डूबने लगा। इसके बाद नीतीश और दिलसाद भी डैम में कूदकर अभिषेक को बचाने का प्रयास किए। लेकिन वे दोनों भी डूबने लगे तो दोनों बाहर निकल गए।