JAMSHEDPUR: ट्यूब कंपनी के ठेका मजदूर दुर्गा हांसदा के सिर पर पिस्तौल सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को खेत के मचान पर रख दिया गया। साक्ष्य मिटाने के लिए मचान में आग लगा दी गई। जानकारी मिलते ही लोग मचान के पास पहुंचे और दुर्गा की बॉडी उतारी, लेकिन तब तक उसका एक हाथ जल चुका था। घटना परसुडीह इलाके की है। दुर्गा परसुडीह के तिलकागढ़ मुंडा टोला का रहनेवाला था। हत्या की जानकारी परसुडीह थाने को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को थाना ले गई। घटनास्थल से पुलिस ने खून से सना लकड़ी का पटरा बरामद किया है। घटना मंगलवार देर रात की है।

की जा रही पूछताछ

हत्या के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है साथ ही पिस्तौल भी बरामद हो गई है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम में मृतक के सिर में फंसी गोली निकाल दी गई। दुर्गा हांसदा ट्यूब कंपनी में ठेका मजदूर था। हत्या के मामले में पुलिस ने खेत के मालिक कुंजू तियू और उसके भाई रेवती तियू, सोमरा तियू, बुधन तियू व दुर्गा के मकान मालिक पीयून सरदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। दुर्गा के एक बेटा और एक बेटी है। बेटी की ओडि़शा में शादी हो चुकी है।

पुलिस ने बरामद की बॉडी

दुर्गा हांसदा की बॉडी गांव से ख्00 मीटर की दूरी पर कुंजू तियू की खेत की मचान से बरामद की गई। उसकी पत्‍‌नी ने बताया कि मंगलवार को पति ड्यूटी पर नहीं गए थे। उसने शराब पी थी। पति को घर से निकलने के लिए उसने मना भी किया था। जवाब में पति ने कहा कि वे बीमार थोड़े है, जो घर में रहेगा। यह कहते हुए शाम चार बजे घर से यह बोलकर निकला कि घूम कर आते हैं। रात में जानकारी मिली कि पति की हत्या कर दी गई है। शव को मचान पर रखकर जलाने का प्रयास किया गया था। उसने बताया कि पति का किसी से कोई विवाद नहीं था।

पी थी शराब

पुलिस ने घटनास्थल से शराब की बोतल, शर्ट और अन्य सामान बरामद किया है। शराब की बोतल बरामद होने से आशंका व्यक्त की जा रही है कि जिस स्थान पर दुर्गा हांसदा की हत्या करने के बाद शव जलाने का प्रयास हुआ वहां दुर्गा हांसदा समेत हत्या करने वालों ने शराब का सेवन किया होगा। पुरानी रंजिश या फिर विवाद में दुर्गा की योजना के तहत हत्या कर दी गई होगी। मचान बुधवार सुबह तक जलती रही।