JAMSHEDPUR: बिरसानगर थाना क्षेत्र के प्रकाशनगर निवासी सुप्रीत सिंह उर्फ काले (ख्ब् वर्ष) की टेल्को रिवर व्यू इनक्लेब स्थित पुलिस सहायता केंद्र के पीछे पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई। युवक का शव लोगों की सूचना पर टेल्को थाने की पुलिस ने रविवार सुबह 9.फ्0 बजे बरामद किया गया। युवक अपनी मां के साथ प्रकाशनगर के मानव विकास स्कूल क्षेत्र निवासी योगेंद्र सिंह के मकान में किराए पर रहता था। पुलिस के मुताबिक उसके पूरे चेहरे पर जगह-जगह चोट और गले में कट के निशान मिले हैं। जिस स्थान पर युवक का शव बरामद किया गया है। वह सुनसान इलाका है। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या की एफआइआर टेल्को थाने में दर्ज की गई है। युवक की हत्या किसने और क्यों की इसका पता लगाया जा रहा है।

देर रात लौटता था घर

युवक की मां मंजीत कौर ने बताया कि सुप्रीत ड्राइवर-खलासी का काम करता था। कुछ दिन से वह काम नही कर रहा था। वह नशे का आदी भी था। रोज वह शाम के करीब पांच बजे घर से निकलता था और देर रात वापस घर लौटता था। मंजीत कौर ने बताया कि शनिवार को तीन-चार परिचित लोग बेटे को घर से बुलाकर साथ ले गए। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। बताया कि पुत्र का किसी से कभी कोई विवाद नहीं था। एक बेटा गोविंद सिंह घाटशिला में मामा के घर पर रहता है।

विवाद में हत्या होने की आशंका

टेल्को थाना के सब इंस्पेक्टर जनक कुमार मंडल के मुताबिक शराब पीने के दौरान हुए विवाद में युवक की हत्या होने की आशंका है। युवक का शव जिस स्थान से बरामद किया गया है वहां शव के आस-पास पत्थर नहीं मिले। मृतक की चप्पल भी नही मिली। हत्या करने वालों ने पत्थर को वहां से हटा दिया गया या युवक की हत्या कहीं और की गई। हत्या का साक्ष्य छुपाने को शव को लाकर पुलिस सहायता केंद्र के पास रख दिया होगा।