जॉर्जिया में बाढ़

बाढ़ग्रस्त टिबलिस शहर के चिड़ियाघर से जानवरों के भागने के बाद से शहर के हालात और खराब हो गए हैं। स्थानीय पुलिस ने लोगों को घरों के अंदर रहने की हिदायत दी है क्योंकि चिड़ियाघर से भालू, शेर और दरियाई घोड़े जैसे खतरनाक जानवर टिबलिस की सड़कों पर खुलेआम घूम रहे हैं। चिड़ियाघर में बाढ़ का पानी भरने से जानवरों ने किसी तरह अपने पिंजड़े तोड़कर बाहर निकलने में सफलता हासिल की। लेकिन सड़कों की हालत बद से बदतर हो चुकी है। हर जगह कीचड़ होने की वजह से लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जानवरों के साथ मरे इंसान भी

इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 12 लोगों के मरने की पुष्टि हो चुकी है। लेकिन इस आपदा में शेर, भालू जैसे तमाम जानवर के मारे जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस और सेना के जवान जिंदा बचे दरियाई घोड़े और अन्य जानवरों को नशीले इंजेक्शन लगाकर सुरक्षित स्थानों की ओर ले जाने का प्रयास करते दिखाई पड़ रहे हैं। सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन काउंसिल के अनुसार बाढ़ में घायल हुए 36 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इन लोगों को कई गंभीर चोटें आई हुई हैं।

कैसे आई यह बाढ़

आपदाग्रस्त देश के प्रधानमंत्री इरक्ली गारिवशविली ने बताया कि लगातार बारिश से वेरे नदी के तटबंध टूटने से नदी का पानी शहर में घुस आया है। इस बाढ़ से शहर के आधारभूत ढांचे को नुकसान पहुंचा है और सभी नागरिकों को संकट टलने तक सुरक्षित स्थानों पर बने रहना चाहिए।

Hindi News from World News Desk

International News inextlive from World News Desk